राज राजेश्वरी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राज राजेश्वरी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, भोटा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बी.एड. एवं डी.एल.एड. के प्रशिक्षु अध्यापकों तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को समझा।

कार्यक्रम का संचालन योग विशेषज्ञ भानु वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं, आसनों एवं प्राणायामों का अभ्यास करवाया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डी.पी.ई.  गुलशन ठाकुर ने भी विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया और योग के लाभों के बारे में जानकारी दी।

योग सत्र के दौरान भस्त्रिका प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त शीर्षासन, सर्वांगासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, मर्कटासन, वज्रासन, सुखासन, पर्वतासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास करवाया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में गुलशन ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कॉलेज प्रबंधन, योग विशेषज्ञ, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

 

 

 

 

 

[post-views]