विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री के समक्ष दिव्यांगजनों के मुद्दे उठाए : राजन कुमार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  जिला दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के संयोजक राजन कुमार ने विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर दिव्यांगजनों तथा गंभीर बीमार मरीजों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उनके समक्ष उठाया।

इस दौरान राजन कुमार ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए विशेष रूप से मुख्यमंत्री सहारा योजना को शीघ्र बहाल करने की मांग की। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से योजना प्रभावित रहने के कारण हजारों गंभीर रोगियों, दिव्यांगजनों एवं बिस्तर पर आश्रित मरीजों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सहारा योजना को अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से संचालित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सहायता प्रदान की जा सके।

 

उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों एवं गंभीर मरीजों के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

राजन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सहारा योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है।

 

इस योजना के तहत गंभीर एवं बिस्तर पर आश्रित मरीजों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनके उपचार और जीवन-यापन में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि योजना का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

राजन कुमार ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेकर हजारों जरूरतमंद लाभार्थियों को राहत प्रदान करेगी।

[post-views]