



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन मे प्रयास संस्था के सहयोग से संचालित अस्पताल – सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम हरोली द्वारा गाँव व ग्राम पंचायत पालकवाह में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

87 मरीजों का जांचा स्वास्थ्य , बरसात में सावधानी बरतने की अपील




शिविर में 87 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 45 लोगों की निःशुल्क रक्त जांचें सम्पन्न की गईं। मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।







स्वास्थ्य शिविर के दौरान योग शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को नियमित योग, प्राणायाम एवं व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य टीम ने बताया कि नियमित योग करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कई बीमारियों से बचाव संभव है।



साथ ही लोगों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, घर के आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार, दस्त या अन्य संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।




इस अवसर पर ग्राम प्रधान अंजना जसवाल उपस्थित रहीं। शिविर के सफल आयोजन में आशा वर्कर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।


शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह एवं मनीष ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल गांव-गांव तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता और योग को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


















