



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान सम्मेलन के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस आयोजन का संचालन हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के माध्यम से किया जा रहा है।

सम्मेलन में विभिन्न विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है।



इन प्रतियोगिताओं में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। जिला हमीरपुर के स्कूलों से भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को बहुत जल्द लॉन्च हो रहे एचपी सीएससी ऑनलाइन पोर्टल पर विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे मैथ ओलंपियाड, साइंस क्विज, साइंस मॉडल मेकिंग , साइंस एक्टिविटी कॉर्नर व साइंटिफिक सर्वे रिपोर्ट में पंजीकरण कराना होगा।






पंजीकरण के उपरांत विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन सितंबर ,2026 से दिसंबर , 2026 तक चरणबद्ध तरीके से खंड स्तर, जिला स्तर, राज्य स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।


प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन अगले स्तर के लिए किया जाएगा। बाल विज्ञान सम्मेलन विद्यार्थियों को वैज्ञानिक परियोजनाओं, स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान, नवाचारी विचारों तथा अनुसंधान आधारित गतिविधियों को प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।



इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता तथा नवाचार की भावना को नई दिशा मिलेगी। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने इस विज्ञान सम्मेलन को फिर से शुरू करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह व प्रदेश शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का धन्यवाद प्रकट किया है व उम्मीद जताई है कि जिला हमीरपुर के विज्ञान शिक्षक, अभिभावक व विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण में उत्साह दिखाकर जिला को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रखेंगे।




















