



हमीरपुर/सूर्य शर्मा:- 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अब जिला हमीरपुर में आवश्यकतानुसार स्कूल स्तर पर भी टीकाकरण सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाएगा एचपीवी का टीका



इससे जिला में एचपीवी वैक्सीनेशन को गति मिलने की उम्मीद है।






मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने जिला में एचवीपी वैक्सीनेशन का आंकड़ा अब 50 प्रतिशत से पार हो गया है।


उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।



इनमें से अभी तक 1490 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं।


डॉ. अजय अत्री ने बताया कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्विकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
सर्विकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है।
एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है।
इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है।

यह टीका 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर से बचाएगा।

















