यातायात नियमों का पालन जीवन सुरक्षा की पहली शर्त : नरेंद्र कुमार

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  डीएवी पब्लिक स्कूल, आलमपुर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्कूल प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह राणा की अगुवाई में स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए विद्यालय परिसर और आसपास के मार्गों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

 

स्वयंसेवकों ने लोगों से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आलमपुर पुलिस चौकी के एएसआई नरेंद्र कुमार ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की ।

उन्होंने स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना तथा नशे की हालत में वाहन न चलाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

 

शिविर में कृति, अपिश्ता, कनिका, गुंजन, अनवी, अदिति, समीक्षा, खुशबू, मोहिनी, आकृति, अंजली, अंश, तनिष, शिवम, दिव्यांश, आदित्य जसरोटिया सहित 25 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।

 

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी ऋषभ शर्मा ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

रास्तों की साफ सफाई करते स्वयंसेवक
दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत करते ए एस आई नरेंद्र कुमार

[post-views]