



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला समिति, हमीरपुर के प्रतिनिधि मंडल ने आज उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपकर जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।


प्रतिनिधि मंडल ने डॉ कश्मीर सिंह ठाकुर, राज्य सचिव मंडल सदस्य, CPI (M), जोगिंद्र कुमार, पार्टी राज्य कमेटी सदस्य, प्रताप राणा, पार्टी जिला सचिव, जतिंद्र कुमार, पार्टी जिला कमेटी सदस्य, ब्रह्म दास, मदन लाल व श्याम लाल शामिल थे।




पार्टी ने कहा कि जिले में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे खरीफ की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही मक्के की फसल पर फॉल आर्मीवर्म (Fall Armyworm) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसानों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध करवाने तथा फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की गई।






ज्ञापन में हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बंद की गई बस सेवाओं को तुरंत बहाल करने की भी मांग की गई। पार्टी ने कहा कि बस रूट बंद होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, कर्मचारियों और ग्रामीण जनता को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सभी बंद रूटों को शीघ्र शुरू किया जाए।


इसके अतिरिक्त जिले में आवारा कुत्तों तथा आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि आवारा कुत्तों के हमलों तथा सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, वहीं आवारा पशुओं से किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। प्रशासन विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजे तथा इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।



पार्टी ने उपायुक्त से जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने तथा किसानों एवं आम जनता को राहत प्रदान करने का आग्रह किया।


डॉ कश्मीर सिंह ठाकुर
राज्य सचिव मंडल सदस्य भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) राज्य कमेटी हि.प्र.


















