विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री सुक्खू व कांग्रेस सरकार पर बोला जुबानी हमला 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी दस चुनावी गारंटियों की कथित विफलता, प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, बढ़ते कर्ज और प्रशासनिक नाकामी से जनता का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस सरकार भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर रही है।

 

अग्निहोत्री ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में प्रदेश की जनता के प्रति जवाबदेह हैं तो राम मंदिर पर बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करें।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भगवान श्रीराम और राम मंदिर पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस ने वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया और अब राजनीतिक लाभ के लिए करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को मुद्दा बना रही है।

 

पूर्व विधायक ने कहा कि भ्रष्टाचार पर बोलने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल में सामने आए विभिन्न चर्चित घोटालों पर भी जवाब देना चाहिए।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों से जुड़ा रहा है, इसलिए उसे भाजपा पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।

 

अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री से पूछा कि प्रदेश की दस चुनावी गारंटियों का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा, युवाओं को रोजगार, किसानों और बागवानों से किए गए आश्वासन, कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं का समाधान तथा प्रदेश की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दों पर सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि जनता इन सवालों के उत्तर चाहती है, लेकिन सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। पूर्व विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं तथा राम मंदिर पूरे राष्ट्र की श्रद्धा का केंद्र है।

 

इसलिए कांग्रेस को राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को विवादों में नहीं घसीटना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है।

 

भाजपा जनता के हितों, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में मजबूती से खड़ी है तथा मुख्यमंत्री से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर तत्काल श्वेत पत्र जारी करने और दसों गारंटियों का पूरा हिसाब देने की मांग करती है।

 

 

[post-views]