



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मति टीहरा के गाँव घरयाणा जस्वाला में “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों के छात्रों के लिए भव्य पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ।


समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मानित करना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है ।




इस अवसर पर 3 केंद्रों के 12 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित किया गया।







केंद्रों में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में पेंटिंग प्रतियोगिता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग प्रतियोगिता तथा गणित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



पुरस्कर वितरण समारोह मे 3 केंद्रों से आए लगभग 86 छात्रों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दलीप कुमार (आर्मी अफ़सर), महेंद्र सिंह एवं समाजसेवी इंदिरा देवी वशिष्ठ अतिथि रहे। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास ही बच्चों को जीवन में सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं।


उन्होंने “एक से श्रेष्ठ” अभियान से जुड़े सभी शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं अभिभावकों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के समग्र विकास को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से प्रारंभ हुआ “एक से श्रेष्ठ” अभियान आज हजारों बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन चुका है।
यह अभियान केवल निःशुल्क शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने का भी प्रभावी मंच बन गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित अभिभावकों ने संकल्प लिया कि अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ पहुँचाया जाएगा।

समारोह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्रों व अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी ।

















