23वीं प्रदेश जूनियर राज्य वुशु चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मंडी बना ओवरऑल चैंपियन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर में आयोजित 23वीं हिमाचल प्रदेश जूनियर बालक एवं बालिका राज्य वुशु चैंपियनशिप का दो दिवसीय आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

 

प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 120 युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि हिम अकादमी पब्लिक स्कूल के निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल रहे। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उन्हें जीवन में अनुशासन, समर्पण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

समारोह में हिमाचल प्रदेश वुशु एसोसिएशन के महासचिव एवं वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष पी. एन. आज़ाद, मंडी जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव खेम सिंह, अध्यक्ष  दिनेश ठाकुर, हमीरपुर जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव डॉ. वीरेंद्र, कांगड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव  पवन नाग, कुल्लू जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव  लुदर चंद, हमीरपुर जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष  नंद लाल, सिरमौर जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव कुलदीप तथा शिमला जिला वुशु एसोसिएशन के महासचिव  परमिंदर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

 

समारोह में हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोकगायक  ए. सी. भारद्वाज ने विशिष्ट अतिथि (Special Guest of Honour) के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

उनकी मधुर एवं सुरमयी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया और प्रतियोगिता में सांस्कृतिक रंग भरते हुए पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

 

प्रतियोगिता में मंडी जिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। हमीरपुर जिला उपविजेता (रनर-अप) रहा, जबकि बिलासपुर जिला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दो दिवसीय यह राज्य स्तरीय चैंपियनशिप सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस आयोजन ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया तथा हिमाचल प्रदेश में वुशु खेल के प्रचार-प्रसार और विकास को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान की।

 

[post-views]