



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भाजपा नेत्री उषा बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे के आधुनिकीकरण का अभूतपूर्व अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री द्वारा देश को 75 अमृत रेलवे स्टेशनों की सौगात दी गई है, जिसमें हिमाचल प्रदेश का अंब अन्दौरा रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

मोदी सरकार की रेलवे क्रांति से हिमाचल को मिली नई रफ्तार: उषा बिरला




उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।






उषा बिरला ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


उन्होंने विशेष रूप से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पांच बार के लोकप्रिय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि वे हमेशा संसद में हिमाचल प्रदेश के हितों को मजबूती से उठाते हैं और प्रदेश के लिए लगातार नई-नई विकास परियोजनाएं लेकर आते हैं।



उन्होंने कहा कि हाल ही में अंबाला कैंट–अंब अन्दौरा–करतौली नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया, जिससे हिमाचल और पंजाब के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।


इसके अलावा अंब अन्दौरा से दिल्ली तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस प्रदेशवासियों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है, जिससे यात्रा का समय कम हुआ है और आधुनिक रेल सुविधाएं लोगों तक पहुंची हैं।
उषा बिरला ने कहा कि कांगड़ा घाटी रेल सेवा को पुनः शुरू किया जाना भी प्रदेश के लोगों के लिए अत्यंत खुशी का विषय है। वहीं भानुपल्ली–बिलासपुर रेल लाइन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत कराना भी केंद्र सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि 6 जून 2026 को अंब अन्दौरा से कोलकाता के लिए गुरुमुखी एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया, जिससे उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों और पूर्वी भारत के बीच संपर्क और अधिक मजबूत हुआ तथा श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि ऊना रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और ओवरब्रिज का निर्माण कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की गई हैं। कभी ऊना से सीमित रेल सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन आज यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए अनेक रेलगाड़ियां संचालित हो रही हैं, जिससे प्रदेश के लोगों की यात्रा पहले की अपेक्षा कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हुई है।

उषा बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के निरंतर प्रयासों से हिमाचल प्रदेश रेलवे विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने इन सभी ऐतिहासिक सौगातों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।

















