



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- आज नगर निगम हमीरपुर शहर में डीसी ऑफिस के पीछे से पुराने वार्ड नंबर-2 की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग का स्थानीय परिवार के सदस्यों के साथ निरीक्षण किया।


पिछले लगभग दो महीनों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं और जहां नाले को चैनलाइज किया गया है, वहां भी बड़े छेद पड़ चुके हैं।




इस मार्ग से लगातार भारी वाहनों द्वारा निर्माण सामग्री ले जाने के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। ऐसे में स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी भी समय कोई दुर्घटना हो सकती है।







लगभग डेढ़ महीने पहले भी हमने इस क्षेत्र का दौरा कर नगर निगम आयुक्त महोदय को स्थिति से अवगत कराया था। आज पुनः निरीक्षण के दौरान हालात लगभग वैसे ही मिले। आयुक्त महोदय से फोन पर बात हुई और उन्होंने बताया कि कार्य का टेंडर हो चुका है तथा जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।



लेकिन सवाल केवल टेंडर होने का नहीं है, सवाल समय पर रखरखाव और जनता की सुरक्षा का है।




नगर निगम बनने से पहले से मौजूद सड़कों और संपर्क मार्गों का यदि समय रहते रखरखाव नहीं किया जाएगा, तो नुकसान लगातार बढ़ेगा और भविष्य में सरकार पर आर्थिक बोझ भी अधिक पड़ेगा।


नगर निगम के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों को यह समझना होगा कि समय पर रखरखाव बेहद आवश्यक है। जब जनता की समस्या बार-बार प्रशासन तक पहुंचाई जा रही हो, तो उसके समाधान में अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं हो सकती।
किसी के घर में कभी भी कोई व्यक्ति बीमार हो सकता है, एंबुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहन की आवश्यकता पड़ सकती है। खराब सड़क के कारण किसी के साथ कोई अनहोनी हो जाए, उससे पहले समस्या का समाधान होना चाहिए।
हमारी मांग है कि इस संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य अविलंब शुरू किया जाए और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान की जाए।
इस अवसर पर वार्ड के राजेंद्र प्रसाद, डॉक्टर उपाध्याय, राजीव अनुप्रशर हमीरपुर ब्लाक सोशल मीडिया के अध्यक्ष रजत राणा जिला महासचिव यूथ कांग्रेस रोहित व अन्य सदस्य मौजूद रहे


















