कृषि विभाग का अलर्ट: मक्के में फॉल आर्मी वर्म का खतरा, समय पर करें नियंत्रण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  कृषि विभाग नादौन द्वारा विकास खंड नादौन के में मक्के की फसल का निरीक्षण कर किसानों को फॉल आर्मी वर्म के समेकित प्रबंधन संबंधी वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की गई।

कृषि विभाग नादौन ने किया मक्के की फसल का निरीक्षण, किसानों को फॉल आर्मी वर्म प्रबंधन की दी वैज्ञानिक जानकारी

 

इस दौरान किसानों को कीट की पहचान, नियमित निगरानी एवं समयबद्ध नियंत्रण उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

 

निरीक्षण दल में जिला कृषि अधिकारी राजेश राणा, विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. अंकुश शर्मा तथा कृषि विकास अधिकारी डॉ. भारत भूषण राणा शामिल रहे।

 

 

अधिकारियों ने बताया कि फॉल आर्मी वर्म मक्के की फसल का अत्यंत विनाशकारी कीट है, जिसका समय पर नियंत्रण न किए जाने की स्थिति में किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।

 

किसानों को सलाह दी गई कि वे खेतों का नियमित निरीक्षण करें तथा पौधों की बीच वाली पत्तियों में छिद्र, सूंडी एवं उसके मल की उपस्थिति जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल समेकित कीट प्रबंधन के अंतर्गत अनुशंसित उपाय अपनाएं।

_”अधिकारी बोले – 0.4 ग्राम एमामेक्टिन बेंजोएट प्रति लीटर पानी से करें छिड़काव”_

अधिकारियों ने बताया कि फॉल आर्मी वर्म का प्रकोप आर्थिक क्षति स्तर से अधिक होने पर ही रासायनिक नियंत्रण अपनाना चाहिए।

 

ऐसी स्थिति में एमामेक्टिन बेंजोएट 5 एसजी @ 0.4 ग्राम प्रति लीटर पानी अथवा क्लोरएन्ट्रानिलिप्रोल 18.5 एससी @ 0.4 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी का छिड़काव प्रभावी पाया गया है।

 

उन्होंने किसानों को सलाह दी कि छिड़काव के दौरान दवा का घोल पौधों की बीच वाली पत्तियों तक समुचित रूप से पहुंचे तथा अनुशंसित मात्रा एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।

 

अंत में अधिकारियों ने किसानों से मक्के की फसल की नियमित निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के कीट प्रकोप की सूचना तत्काल कृषि विभाग को देने का आह्वान किया, ताकि समय रहते आवश्यक वैज्ञानिक सलाह एवं नियंत्रण उपाय अपनाकर फसल को संभावित नुकसान से सुरक्षित रखा जा सके।

[post-views]