सुनील शर्मा बिट्टू ने दड़ूही में सुनीं जनसमस्याएं, प्रदेश सरकार की योजनाओं की भी दी जानकारी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को हमीरपुर शहर के निकटवर्ती क्षेत्र दड़ूही के का दौरा किया और वहां स्थानीय लोगों की समस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष सोलर लाइटों से संबंधित समस्या और कई अन्य मांगें रखीं।

 

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने इनका त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को अतिशीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के लिए कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाएं मंजूर करके इनके कार्य तेजी से आरंभ करवाए हैं।

 

हमीरपुर में निर्माणाधीन हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, मेडिकल कालेज, हैलीपोर्ट, नादौन का इंडोर स्टेडियम, टूरिजम का होटल और कई अन्य बड़ी परियोजनाओं से जिला हमीरपुर के चहुमुखी विकास को बल मिला है।

 

इन परियोजनाओं के अलावा हमीरपुर में विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों के प्रदेश स्तरीय कार्यालय भी खोले गए हैं।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना और कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने गांव के सभी पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।

इससे पहले, दड़ूही पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 

 

इस अवसर पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के अन्य नेता, पूर्व पार्षद अनिल चौधरी, किशन कुमार कौशल, कुलदीप कमल, स्वर्ण सिंह, प्रकाश सिंह, राकेश कुमार, आशीष राणा, सुरेश डोगरा, अश्वनी कुमार, मीना कुमारी, सीमा देवी, किरण,शिखा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

[post-views]