मुख्यमंत्री सहारा योजना की पेंशन के लिए करें आनलाइन आवेदन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के अन्तर्गत जिला हमीरपुर के 437 पात्र लाभार्थियों को इस वित्त वर्ष में अप्रैल से जून तक की पहली तिमाही की पेंशन के रूप में कुल 39.33 लाख रुपए राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेज दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की जगह अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग कर रहा है इस योजना का संचालन

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस योजना का संचालन अब स्वास्थ्य विभाग के बजाय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा किया जा रहा है।

 

इसके लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गंभीर रूप से बीमार एवं असहाय लोगों की ओर से आनलाइन आवेदन एकीकृत ई-कल्याण पोर्टल himparivar.hp.gov.in/ekalyan के माध्यम से स्वयं या लोकमित्र केन्द्र के माध्यम से कर सकते हैं ।

 

आर्थिक रूप से कमजोर बीपीएल या सालाना 4 लाख रुपए से कम आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत प्रति माह 3,000 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

 

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि कैंसर, पैरालिसिस, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफिलिया, पार्किंसन रोग, थैलेसीमिया, गुर्दे की खराबी और अन्य गंभीर बीमारियों के कारण स्थायी रूप से अक्षम हो चुके गरीब एवं असहाय मरीजों को सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

 

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि आनलाइन आवेदन के समय आधार कार्ड, मेडिकल बोर्ड का प्रमाणपत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र, बीपीएल या आय प्रमाणपत्र और बैंक खाते का विवरण अपलोड करना अनिवार्य है।

 

अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

[post-views]