



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- माननीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास संस्था द्वारा संचालित ‘एक से श्रेष्ठ’ पहल के अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरी के सामुदायिक भवन तथा ग्राम पंचायत पुरली के महिला मंडल भवन में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर दोनों पंचायतों के 10 “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों से चयनित 30 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति तथा ड्रॉइंग, योग एवं गणित जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रतीक बना।




ग्राम पंचायत खैरी में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान पवना देवी रहीं। उनके साथ किसान मोर्चा अध्यक्ष संसार चौहान, गोपाल गौशाला खैरी के प्रधान, ग्राम केंद्र अध्यक्ष राज कुमार तथा बूथ अध्यक्ष रमेश चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।







वहीं ग्राम पंचायत पुरली में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि स्थानीय प्रधान सीमा कुमारी रहीं। इस अवसर पर महिला मंडल प्रधान, क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।



अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला एक सशक्त अभियान है।



यह पहल बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रेरणादायी कार्य कर रही है।


उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास भविष्य में अनेक विद्यार्थियों के जीवन की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रभावी और प्रेरणादायी प्रयास बताया।
समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।
‘एक से श्रेष्ठ’ का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के माध्यम से जीवन में श्रेष्ठ बनने की प्रेरणा देना है।


















