



भोरंज/हमीरपुर:- जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के मनोह स्थित एक पेट्रोल पंप पर टैक्सी किराये को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक यात्री ने किराये को लेकर हुए विवाद के बाद टैक्सी चालक की लात-घूंसों और जूतों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल चालक का हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार चल रहा है।



घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। घायल टैक्सी चालक की पहचान दिनेश कुमार (48) पुत्र राम सिंह, निवासी गुटकर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।






वहीं, आरोपी की पहचान प्रदीप राणा पुत्र जगदीश, निवासी नुहाड़ा, डाकघर दिम्मी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।


जमीन पर गिराकर जूतों से पीटा



पुलिस के अनुसार टैक्सी किराये को लेकर चालक और यात्री के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चालक पर हमला कर दिया।


आरोप है कि उसने चालक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और जूतों से बुरी तरह पीटा। हमले में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर काफी खून बह गया।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जाहू पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को बेहोशी की हालत में भोरंज सिविल अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस टीम से भी उलझा आरोपी
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की। इस दौरान जाहू पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार भी घायल हो गए।
आरोपी के उग्र व्यवहार और पुलिस को धमकियां देने के बाद भोरंज थाना से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। अतिरिक्त बल की मदद से आरोपी को काबू कर हिरासत में लिया गया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 121(1) और 132 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















