



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित राष्ट्रीय अभियान “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” के तहत 25 जुलाई 2026 को निजी कॉलेज, हमीरपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा।

इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।



बढ़ते नशे की समस्या को देखते हुए MY Bharat देशभर में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।






कार्यक्रम के अंतर्गत कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें *भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, कविता लेखन, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, क्विज़ तथा शॉर्ट वीडियो* प्रतियोगिता शामिल हैं।


इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के युवा प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे!



जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हमीरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।


इस बहु-स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
हमीरपुर जिले के इच्छुक युवा प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर इस प्रतियोगिता के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी, दीपमाला मेरा युवा भारत, हमीरपुर ने सभी चयनित प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है।
उन्होंने जिले के युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की है।


















