



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) हमीरपुर को को-एजुकेशनल बनाने तथा पुनः हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) की व्यवस्था के अंतर्गत संचालित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि जिस दिन गर्ल्स स्कूल को दूसरे स्कूल के साथ मर्ज करने का निर्णय सामने आया था, उसी दिन उन्होंने हमीरपुर शहर के अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया था।



मुख्यमंत्री ने विषय की गंभीरता को समझते हुए जनभावनाओं और विद्यार्थियों के हित में विचार-विमर्श के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।






उन्होंने कहा कि इस फैसले से हमीरपुर के बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर विकल्प मिलेगा। एक ओर CBSE की शिक्षा व्यवस्था का विकल्प उपलब्ध रहेगा, वहीं दूसरी ओर HPBOSE के अंतर्गत शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा भी मिलेगी।


डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि गर्ल्स स्कूल को को-एजुकेशनल बनाने से छात्राओं के साथ-साथ क्षेत्र के छात्रों को भी इस संस्थान में पढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे सरकारी शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।



उन्होंने कहा, “जनता की भावनाओं को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिया है। इसके लिए समस्त हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री जी की आभारी है।”




















