जूडो चैंपियनशिप–2026 में भगेटू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  जिला हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय जूडो चैंपियनशिप–2026 में विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर की ग्राम पंचायत भगेटू के गांव भगेटू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र, विद्यालय और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया।

 

 

32 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया। वहीं अक्षय कुमार ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) तथा रुद्र ठाकुर ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। तीनों खिलाड़ी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेड़ के छात्र हैं।

 

अपनी इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षक अनूप शर्मा को देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन से ही वे यह उपलब्धि हासिल कर सके।

तीनों खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने उन्हें तथा उनके प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

 

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गांव भगेटू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेड़ और जिला हमीरपुर का गौरव बढ़ा है। सभी ने आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

[post-views]