हमीरपुर की सरपंच लता देवी राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन में करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की बलोह पंचायत की सरपंच लता देवी को देश के प्रतिष्ठित “वूमेन लीडर्स कॉन्क्लेव–2026” में पैनलिस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया है।

यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 13–14 अगस्त, 2026 को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित होगा। देशभर से महिला नेतृत्व, सुशासन एवं समावेशी विकास पर केंद्रित यह सम्मेलन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

सम्मेलन की इस प्रतिष्ठित विचार-श्रृंखला में भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी), देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं शिक्षाविद, विधि, चिकित्सा एवं लोकनीति के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा सामाजिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी सहभागिता करेंगे।

 

बलोह पंचायत की सरपंच लता देवी इस गरिमामयी मंच से महिला आरक्षण विधेयक (33 प्रतिशत आरक्षण), विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार करने में विधानसभा एवं संसद तक जमीनी महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने, तथा राजनीति में महिलाओं के लिए सुदृढ़ एवं समावेशी नेतृत्व-पथ तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगी।

वे अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल देंगी कि आज भी महिलाओं को सार्वजनिक जीवन एवं राजनीति में अनेक अदृश्य संस्थागत बाधाओं (ग्लास सीलिंग) का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों को समान अवसर, नेतृत्व विकास और नीति-आधारित सुधारों के माध्यम से दूर कर महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में लाना समय की आवश्यकता है।

 

यह भी उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर प्रकाशित होने वाली आधिकारिक स्मारिका एवं पुस्तक में सरपंच लता देवी का जीवन परिचय एवं प्रेरणादायी नेतृत्व-यात्रा भी प्रकाशित की जाएगी, जो हिमाचल प्रदेश तथा ग्रामीण महिला नेतृत्व के लिए गौरव का विषय है।

 

वूमेन लीडर्स कॉन्क्लेव–2026 का विषय “क्लेमिंग इक्विटी इन विकसित भारत” है। सम्मेलन का उद्देश्य शासन, शिक्षा, उद्योग, नीति-निर्माण एवं सामाजिक परिवर्तन के विभिन्न आयामों में महिलाओं की भागीदारी को निर्णयकारी नेतृत्व तक पहुँचाने हेतु ठोस रणनीतियाँ विकसित करना है।

 

सम्मेलन में महिला नेतृत्व, संस्थागत समानता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में महिलाओं की भूमिका, समावेशी विकास तथा नीति-नवाचार जैसे विषयों पर गहन मंथन होगा।

 

इस अवसर पर सरपंच लता देवी** ने “स्त्री शक्ति–द पैरलल फोर्स” की संस्थापक एवं अध्यक्ष, महिला सशक्तिकरण की प्रखर समर्थक आदरणीया रेखा मोदी जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व एवं प्रेरणा से देशभर की महिलाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, हमीरपुर जनपद तथा बलोह पंचायत के लिए भी गौरव का क्षण है। इस राष्ट्रीय मंच पर ग्रामीण भारत की महिलाओं की आकांक्षाओं, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उनकी निर्णायक भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना उनका संकल्प रहेगा।

 

 

[post-views]