



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला कल्याण अधिकारी हमीरपुर चमन लाल शर्मा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से समय रहते अपना ई-केवाईसी सत्यापन करवाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता तथा पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।



उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का राजस्व एवं ई-केवाईसी सत्यापन कार्य जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई 2025 में आरंभ किया गया था।






विभाग द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई थी। विभाग के सतत प्रयासों के फलस्वरूप जिले में अब तक 51,825 पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जा चुका है।


जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभाग के ध्यान में आया है कि कुछ पेंशन लाभार्थी अभी भी अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवा सके हैं, जिसके कारण वे पेंशन सुविधा से वंचित हैं।



ऐसे सभी लाभार्थियों को एक माह के भीतर अपने संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी सत्यापन करवाने का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।


उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित व्यक्ति पेंशन प्राप्त करने का इच्छुक नहीं है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया है।
चमन लाल शर्मा ने बताया कि जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है अथवा आधार कार्ड में किसी प्रकार के संशोधन या अपडेट की आवश्यकता है, वे जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।


















