ईएसआई शाखा कार्यालय हमीरपुर ने मृत आउटसोर्स कर्मचारी के परिवार को प्रदान की आश्रितजन हितलाभ (पेंशन) सुविधा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के शाखा कार्यालय हमीरपुर द्वारा मृत बीमित आउटसोर्स कर्मचारी के परिजनों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए आश्रितजन हितलाभ (पेंशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

 

शाखा कार्यालय हमीरपुर ने स्वर्गीय राकेश कुमार के परिवार को आश्रितजन हितलाभ के रूप में पेंशन की शुरुआत की। स्वर्गीय राकेश कुमार मेसर्स आर.के. एंड कंपनी के माध्यम से एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत थे।

 

दिनांक 17 फरवरी 2026 को कार्य के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के पश्चात उनका निधन 21 फरवरी 2026 को हो गया था।

 

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व एनआईटी के एक अन्य आउटसोर्स कर्मचारी स्वर्गीय अजय के परिवार को भी ईएसआई शाखा कार्यालय हमीरपुर द्वारा आश्रितजन हितलाभ के अंतर्गत प्रतिमाह पेंशन का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

 

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक श्री अमित कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 लागू होने के बाद “वेतन (मजदूरी)” की परिभाषा में बदलाव आया है, जिसके कारण अधिक संख्या में कर्मचारी ईएसआई योजना के दायरे में आ रहे हैं और सामाजिक सुरक्षा लाभों के पात्र बन रहे हैं।

 

उन्होंने सभी नियोजकों से अपील की कि वे नई परिभाषा के अनुरूप अपने पात्र कर्मचारियों का ईएसआई पंजीकरण समय पर सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक एवं उनके परिवारजन ईएसआई सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों के अनुसार किसी भी कर्मचारी को कार्य पर रखने से पहले उसका ईएसआई पंजीकरण अनिवार्य है।

 

ईएसआईसी द्वारा आश्रितजन हितलाभ के अतिरिक्त बीमारी, अस्थायी एवं स्थायी अपंगता तथा मातृत्व हितलाभ सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा लाभ भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

 

 

 

[post-views]