



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मीडिया कॉर्डिनेटर यशपाल शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर उनके संबंध में प्रसारित की जा रही कथित झूठी एवं भ्रामक जानकारी का कड़ा खंडन किया है।

विधायक लखनपाल ने स्पष्ट कहा कि 15 अगस्त को बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह एक राजकीय एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम था, कांग्रेस की कोई जनसभा नहीं। स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव, स्वाभिमान और वीर शहीदों के बलिदान को नमन करने का पावन अवसर है।



उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्हें प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने का विधिवत निमंत्रण प्राप्त हुआ था और बड़सर विधानसभा क्षेत्र का निर्वाचित विधायक होने के नाते मुख्यमंत्री का स्वागत करना उनका संवैधानिक एवं सामाजिक दायित्व था।






लखनपाल ने कहा कि वे किसी राजनीतिक कार्यक्रम में अपनी व्यक्तिगत इच्छा से शामिल नहीं हुए थे, बल्कि बड़सर की जनता का प्रतिनिधित्व करते हुए राजकीय समारोह में अपनी जिम्मेदारी निभाने पहुंचे थे। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को राजनीतिक चश्मे से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है।


उन्होंने कहा कि राजनीति में स्वस्थ आलोचना का सदैव स्वागत है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा तथ्यों की जांच किए बिना किसी जनप्रतिनिधि की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली भ्रामक बातें सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है।



विधायक ने कहा कि राजनीति तथ्यों और मुद्दों पर होनी चाहिए, झूठ एवं भ्रामक प्रचार के आधार पर नहीं। जनता को गुमराह करने तथा किसी जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के प्रयासों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।


उन्होंने संबंधित लोगों से आग्रह किया कि वे तथ्यों के आधार पर राजनीति करें और व्यक्तिगत एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले भ्रामक प्रचार से बचें।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस प्रकार की तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की गई, तो वे अपने मान-सम्मान एवं प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए मानहानि सहित उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए विवश होंगे।


















