



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:— हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिम अकादमी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष प्रो. आर. सी. लखनपाल रहे, जिन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।




समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रीय गान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की। विकास नगर के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।







इस अवसर पर कक्षा 9-बी की छात्रा निवेदिता शुक्ला ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। विकास नगर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सुंदर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।



समारोह में हिम अकादमी विकास नगर, हीरानगर एवं दुगनेड़ा के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।




वहीं हिम अकादमी हीरानगर के विद्यार्थियों ने शानदार ‘कराटे शो’ प्रस्तुत किया, जबकि विकास नगर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अद्भुत योगा शो ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।



इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, समन्वय और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। समारोह में विद्यालय की हिमाचली संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को भी विशेष स्थान दिया गया।

विकास नगर स्टाफ द्वारा विशेष रूप से पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें बबरू, पत्तरोड़े, जलेबी, गोलगप्पे, स्वीट कॉर्न चाट सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे।

इन स्टॉलों ने समारोह में हिमाचली संस्कृति की खुशबू और स्थानीय परंपराओं का सुंदर रंग भर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फूड इंचार्ज भाग सिंह, इवेंट इंचार्ज पीयूष तथा पंकज भारद्वाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

साथ ही स्टूडेंट वेलफेयर डीन संजीव कुमार एवं कमल सिंह ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर हिम अकादमी विकास नगर के प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, हिम अकादमी हीरानगर प्रधानाचार्या शशि वाला, हिम अकादमी दुगनेड़ा प्रधानाचार्या विनीता गुप्ता, उप-प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, मुख्य अध्यापिका विकास नगर कंचन लखनपाल, कोऑर्डिनेटर मनीषा मरवाह, अकादमिक अधिकारी प्राकृत लखनपाल तथा वंशिका, पूजा ठाकुर एवं सीमा ठाकुर उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय संचालन पूजा एवं मोनिका ने अपनी प्रभावशाली एंकरिंग के माध्यम से किया। दोनों ने अपनी मधुर वाणी, आत्मविश्वास और सधे हुए संचालन से कार्यक्रम को आकर्षक एवं जीवंत बनाए रखा।

समूचा परिसर देशभक्ति के नारों, तिरंगे की शान और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया। स्वतंत्रता दिवस का यह भव्य आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय बन गया।

















