जिला के सभी उपमंडलों में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला के सभी उपमंडलों में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हमीरपुर उपमंडल स्तर का समारोह यहां टाउन हॉल के परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने ध्वजारोहण किया।

 

ध्वजारोहण से पहले सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन किया। इसके बाद टाउन हॉल में शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए राकेश शर्मा ने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों के बाद ही हमारे देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई थी।

इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक अपने-अपने स्तर पर देश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियांे एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन करे तो हमारा देश एवं समाज तेजी से आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सहायक अभियंता अश्वनी ठाकुर, योजना अधिकारी जगदीप सिंह, पूर्ववर्ती नगर परिषद के पूर्व पार्षद राजेश चौधरी, अनिल चौधरी, सुनील ठाकुर और शहर के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

उधर, भोरंज और नादौन में भी उपमंडलीय स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान काफी धूम रही।

 

हमीरपुर में टाउन हॉल के परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण करते निगम के आयुक्त राकेश शर्मा और देशभक्ति के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्कूली बच्चे।

 

 

 

[post-views]