



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- रोटरी क्लब हमीरपुर ने मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए मेधावी छात्र तनिष्क जस्वाल की कॉलेज फीस जमा करवाकर उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की है।

तनिष्क जस्वाल का चयन हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बांदला (बिलासपुर) में हुआ था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह प्रथम सेमेस्टर की फीस जमा करवाकर प्रवेश लेने में असमर्थ था।



मामले की जानकारी रोटरी क्लब हमीरपुर के अध्यक्ष रोटेरियन प्रोफेसर प्रदीप कुमार, रोटेरियन रवि शर्मा और रोटेरियन डॉ. हर्ष कालिया को मिली। उन्होंने तत्काल तनिष्क की पढ़ाई में सहयोग करने का निर्णय लिया।






इसके बाद रोटरी क्लब के सदस्यों ने महज कुछ घंटों में फीस की राशि एकत्रित कर सीधे हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के खाते में जमा करवा दी।


तनिष्क इससे पहले पढ़ाई के लिए शिक्षा ऋण लेने के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के चक्कर भी लगा चुका था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई थी। ऐसे में रोटरी क्लब की मदद उसके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई।



रोटरी क्लब हमीरपुर के अध्यक्ष प्रोफेसर प्रदीप कुमार ने कहा कि क्लब मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहा है।


उन्होंने कहा कि तनिष्क की आगे की पढ़ाई में भी आवश्यकता पड़ने पर रोटरी क्लब सहयोग करने के लिए तैयार है और उसकी हरसंभव मदद की जाएगी।
तनिष्क के माता-पिता कमल फूल सिंह और तृप्ता देवी, निवासी दरोबड़ी-हिम्मर, जिला हमीरपुर, ने रोटरी क्लब के अध्यक्ष और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच क्लब द्वारा समय पर की गई यह सहायता उनके बेटे के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।


















