भारी बारिश से तबाही, किसानों की फसलें व खेत प्रभावित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नादौन विकासखंड की पन्याली पंचायत के करड़ोह एवं सुकराला गांवों में भारी बारिश के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिससे खेतों में पानी और मलबा घुसने के कारण किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं |

बारिश और तेज पानी के बहाव से मक्का एवं गन्ने की फसलों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।

वहीं, खेतों में पानी के तेज बहाव से मिट्टी का कटाव होने तथा मलबा जमा होने के कारण कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है। इससे किसानों को फसल के साथ-साथ खेतों के नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है।

 

प्रभावित किसानों ने बताया कि भारी बारिश के कारण उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। खड़ी फसल के नष्ट होने से किसानों के सामने आर्थिक नुकसान की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

 

कई स्थानों पर खेतों की उपजाऊ मिट्टी बहने से आगामी फसल की तैयारी को लेकर भी किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए कृषि विभाग की टीम ने आज करड़ोह एवं सुकराला गांवों का दौरा किया।

 

विभागीय टीम ने प्रभावित खेतों का मौके पर निरीक्षण किया तथा किसानों से नुकसान की जानकारी लेकर फसल एवं कृषि भूमि को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की।

 

किसानों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का उचित आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।

[post-views]