



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार को ब्राहलड़ी पंचायत के थान गाँव और बाड़ी दूग गाँव का दौरा किया।

ग्रामीणों की समस्याओं के जल्द समाधान का दिया भरोसा




इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।






ब्राहलड़ी पंचायत के थान गाँव और बाड़ी दूग में भूस्खलन, क्षतिग्रस्त डंगों व सड़क को हुए नुकसान का किया निरीक्षण



थान गाँव में बरसात के दौरान कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण डंगे क्षतिग्रस्त हुए हैं। डंगे गिरने से रास्तों तथा आसपास की जमीन को भी नुकसान पहुँचा है।




कई स्थानों पर डंगों के क्षतिग्रस्त होने से रास्तों को खतरा पैदा हो गया है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



सुनील शर्मा बिट्टू ने स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर जल्द से जल्द आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे।

क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर पुनर्निर्माण करवाकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बरसात के कारण उत्पन्न हुई समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
बाड़ी दूग की क्षतिग्रस्त सड़क को तुरंत बहाल करने के निर्देश


सुनील शर्मा बिट्टू ने बाड़ी दूग गाँव की सड़क का भी निरीक्षण किया। बाढ़ के कारण इस सड़क को काफी नुकसान पहुँचा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन
एवं एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क को तत्काल चलने योग्य बनाने के लिए आवश्यक कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि कल से ही खड्ड से ऊपर की ओर आवश्यक कार्य शुरू करवाकर सड़क को जल्द से जल्द आवाजाही योग्य बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बरसात के मौसम में ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए भूस्खलन प्रभावित स्थानों पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत, आवश्यक सुरक्षा कार्य तथा संवेदनशील स्थानों पर उचित प्रबंध करवाने के लिए संबंधित विभाग को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाया जाएगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने मौके पर ही अधिकारियों से कहा कि प्रभावित स्थानों का आवश्यक तकनीकी निरीक्षण करवाकर प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और भविष्य में होने वाले नुकसान की आशंका को कम किया जा सके।
पंचायत प्रधान रवि प्रकाश ने जताया आभार
पंचायत प्रधान रवि प्रकाश ने मौके पर पहुँचकर क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लेने तथा संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में समाधान का भरोसा देने के लिए सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण कर समस्याओं को गंभीरता से लेना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना ग्रामीणों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान रवि प्रकाश के साथ वार्ड नंबर 7 की पंच ममता कुमारी, दलजीत वालिया, गुलजीत, विजय कुमार, कृष्ण चंद, जगदीश, पूर्व उपप्रधान अशोक वालिया तथा प्रमोद सिंह सहित स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















