



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा हिमाचल प्रदेश में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।


दिवस का शुभारंभ प्रातःकालीन सभा एवं हवन के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रद्धापूर्वक भाग लेकर सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



इस अवसर पर कक्षा नर्सरी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।






कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षकों के लिए सुंदर एवं आकर्षक शुभकामना कार्ड तैयार किए तथा कविताओं, लेखों एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने मनोभाव व्यक्त किए।


विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को आनंद एवं उल्लास से भर दिया और सभी का मन मोह लिया।



विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य के पवित्र एवं अनमोल संबंध की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया। पूरे विद्यालय परिसर में सम्मान, उमंग एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।


विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अनुशासन और शिक्षकों के प्रति उनके भावपूर्ण समर्पण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने समस्त अभिभावकों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है।
एक शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, संस्कार, चरित्र एवं चहुँमुखी विकास के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास, सम्मान एवं सहयोग का संबंध ही शिक्षा को सार्थक बनाता है।











