



चंबा/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है कि जिला चंबा के प्रतिभाशाली व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ी वीरेन सिंह का चयन भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली व्हीलचेयर क्रिकेट सीरीज 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।


यह सीरीज 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक चेन्नई में आयोजित होगी, जिसमें वीरेन सिंह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से जिला चंबा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है।




वीरेन सिंह का भारतीय टीम में चयन उनकी कड़ी मेहनत, लगन, प्रतिभा और क्रिकेट के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और हिमाचल प्रदेश में व्हीलचेयर क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन कुमार ने वीरेन सिंह के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।



भारतीय टीम में स्थान प्राप्त करना न केवल वीरेन सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।





एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन कुमार ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। वीरेन सिंह की यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।


वहीं, हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के कप्तान अमित ठाकुर ने भी वीरेन सिंह को भारतीय टीम में चयनित होने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है। उन्हें उम्मीद है कि वीरेन सिंह आगामी सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन प्रदेश में व्हीलचेयर क्रिकेट को बढ़ावा देने, दिव्यांग खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध करवाने तथा उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
एसोसिएशन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से वीरेन सिंह को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। एसोसिएशन ने आगामी भारत-श्रीलंका सीरीज में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




