विधायक सुरेश कुमार का भोरंज के विकास को लेकर दिया गया बयान हास्यास्पद और अतिशयोक्तिपूर्ण: कमलेश कुमारी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने वर्तमान कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर उनके द्वारा दिए जा रहे बयान न केवल हास्यास्पद हैं, बल्कि जनता को गुमराह करने का प्रयास भी हैं।

चम्बोह की जनसभा में जनता को गुमराह करने का आरोप, बयान वापस न लेने पर न्यायालय में चुनौती और मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी

कमलेश कुमारी ने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र का विकास किसी एक व्यक्ति या एक कार्यकाल की देन नहीं है, बल्कि इसका अपना लंबा विकासात्मक इतिहास रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में सड़क निर्माण और आधारभूत ढांचे के विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई। प्रो. धूमल को प्रदेश में सड़क निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सड़क वाला मुख्यमंत्री भी कहा जाता रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भोरंज क्षेत्र से लगातार छह बार विधायक रहे पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय ईश्वर दास धीमान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

उनके लंबे राजनीतिक कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली। ऐसे में वर्तमान विधायक सुरेश कुमार द्वारा भोरंज का विकास केवल अपने कार्यकाल की उपलब्धि बताना पूर्व में हुए विकास कार्यों और क्षेत्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जनप्रतिनिधियों के योगदान को नकारने जैसा है।

 

कमलेश कुमारी ने कहा कि हमीरपुर जिला देश के सर्वाधिक सड़क घनत्व वाले जिलों में अपनी पहचान रखता है और भोरंज विधानसभा क्षेत्र भी सड़क संपर्क एवं आधारभूत सुविधाओं के मामले में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

 

ऐसे में पहली बार विधायक बने सुरेश कुमार का यह कहना कि भोरंज का विकास केवल उनके कार्यकाल में ही हो रहा है, पूर्व में हुए विकास कार्यों और क्षेत्र के लिए योगदान देने वाले नेताओं का अपमान है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार लगातार प्रदेश की आर्थिक बदहाली, खाली खजाने और बढ़ते कर्ज का हवाला देते रहते हैं। सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध न होने की बात भी बार-बार कही जाती है।

 

ऐसे में विधायक सुरेश कुमार को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि सरकार के पास धन की कमी होने के बावजूद वह अपने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कितना विकास करवा पाए हैं।

 

यदि क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं तो उनके स्वीकृत बजट, कार्यों की सूची और पूर्णता की स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक को पूर्व में हुए विकास कार्यों का श्रेय लेने के बजाय अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। जनता केवल भाषणों और दावों से संतुष्ट होने वाली नहीं है, बल्कि उसे धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए।

विकास के दावों की वास्तविकता स्वीकृत बजट, निर्माण कार्यों और जनता को मिली सुविधाओं से सामने आनी चाहिए।

 

कमलेश कुमारी ने आरोप लगाया कि चम्बोह में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने उनके कार्यकाल और उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को लेकर भ्रामक एवं तथ्यहीन बातें जनता के सामने रखीं।

 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के कार्यकाल और उसकी सार्वजनिक छवि को लेकर गलत जानकारी फैलाना स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक बयानबाजी तथ्यों और उपलब्धियों के आधार पर होनी चाहिए, न कि पूर्व में किए गए कार्यों को नकारकर।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान विधायक द्वारा उनके संबंध में दिए जा रहे कथित झूठे और मानहानिकारक बयानों को वह अब चुपचाप सहन नहीं करेंगी। यदि विधायक अपने बयानों को वापस लेकर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट नहीं करते हैं, तो वह इन बयानों को न्यायालय में चुनौती देंगी और उनके विरुद्ध मानहानि का मुकदमा दायर करने सहित उचित कानूनी कार्रवाई करेंगी।

 

कमलेश कुमारी ने कहा कि भोरंज की जनता अच्छी तरह जानती है कि क्षेत्र में विकास की मजबूत नींव किन जनप्रतिनिधियों ने रखी और किन सरकारों ने उसे आगे बढ़ाया।

 

कांग्रेस विधायक को इतिहास मिटाने और दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति छोड़कर अपने कार्यकाल के वास्तविक विकास कार्यों का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भोरंज का विकास किसी एक कार्यकाल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्षों के सामूहिक प्रयासों और विभिन्न सरकारों के योगदान का परिणाम है।

[post-views]