



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में शिक्षक दिवस का भव्य समारोह श्रद्धा, सम्मान और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिम अकादमी संस्थान के संपादक टी.आर. शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के अध्यक्ष प्रो. आर.सी. लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन चंद्रप्रभा लखनपाल, विद्यालय निदेशक पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उप-प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, हेडमिस्ट्रेस कंचन लखनपाल, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हीरा नगर की प्रधानाचार्या शशि बाला तथा हिम अकादमी दुगनेड़ा प्रधानाचार्या विनीता गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना पूरे वातावरण में दिखाई दी।







कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना एवं स्वागत द्वार पर तिलक समारोह से हुआ। इसके पश्चात डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि, भाषण एवं श्लोक गायन प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया।



उन्होंने अपने गुरुजनों के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी हैं।




समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परिणामों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को उनके समर्पण, अथक परिश्रम और शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।



हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के संजीव कुमार (पीजीटी भौतिक विज्ञान) को ₹16,000, विकास कुमार (पीजीटी रसायन विज्ञान) को ₹10,000, क्षितिज धवन (पीजीटी गणित) को ₹32,000 तथा अनूप कुमार रंगड़ा (पीजीटी जीव विज्ञान) को ₹11,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इसी प्रकार हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हीरा नगर के रोहित अग्निहोत्री (पीजीटी भौतिक विज्ञान) को ₹5,000, संदीप शर्मा (पीजीटी भौतिक विज्ञान) को ₹11,000, संजय ठाकुर (पीजीटी गणित) को ₹16,000 तथा सन्नी वर्मा (पीजीटी रसायन विज्ञान) को ₹5,000 का पुरस्कार प्रदान किया गया।

वहीं हिम अकादमी एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड से शिवानी ठाकुर (पीजीटी भौतिक विज्ञान) को ₹11,000 तथा आरती देवी (पीजीटी जीव विज्ञान) को ₹5,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला जब विद्यालय के शिक्षकों ने अपनी संगीत प्रस्तुतियों एवं स्वरचित/भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिक्षकों की मधुर प्रस्तुतियों और काव्य-पाठ ने समारोह में भावनाओं और उमंग का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया कार्यक्रम के सफल आयोजन में गतिविधि प्रभारी नेहा शर्मा (पीजीटी) का विशेष योगदान रहा।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं विशेष शिक्षक सम्मान समारोह के साथ किया गया।

शिक्षक दिवस का यह आयोजन केवल एक औपचारिक समारोह न होकर गुरु के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और समर्पण की सुंदर अभिव्यक्ति बन गया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों तथा शिक्षकों की संगीत और काव्य प्रतिभा ने इस अवसर को अविस्मरणीय बना दिया।










