



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- राष्ट्रीय परिषद की सदस्य, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा करना तो दूर की बात, भाजपा सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार को दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा भी बंद कर दी गई।


कमलेश कुमारी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में छोटे बिजली उपभोक्ताओं का 125 यूनिट तक बिजली का खर्च काफी हद तक बच जाता था। वहीं, जिन परिवारों की बिजली खपत अधिक थी, उन्हें भी बिजली के बिल में बड़ी राहत मिलती थी। लेकिन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छोटे से लेकर बड़े बिजली उपभोक्ता तक बढ़ते बिजली बिलों से परेशान हैं।



उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर बिजली के बढ़ते बिलों का सीधा असर पड़ रहा है। कम आमदनी वाले परिवारों के लिए हर महीने बिजली का बिल भरना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।






उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को सरकार से राहत की उम्मीद थी, उन्हें राहत देने के बजाय उनकी आर्थिक परेशानियां और बढ़ाई जा रही हैं।


पूर्व विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने हिमाचल की जनता से अनेक प्रकार की सुविधाएं और आर्थिक सहयोग देने के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को सहयोग देने के बजाय सरकार स्वयं जनता के ऊपर बोझ बनती जा रही है।



उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है और कर्मचारियों, अधिकारियों तथा पेंशनरों के वेतन-भत्तों में कटौती जैसे कदमों से सरकार अपनी वित्तीय व्यवस्था चलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को भारी-भरकम ऋण के बोझ तले दबा दिया है।


कमलेश कुमारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति और आम जनता की परेशानियां दोनों बढ़ रही हैं। कांग्रेस हिमाचल को ऐसे आर्थिक दलदल में धकेल रही है, जिससे बाहर निकलना दिन-प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के वादों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब जनता अपने मत से देगी।












