



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं हास्य कविता वाचन गतिविधि का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तर्कपूर्ण चिंतन, प्रभावशाली वक्तृत्व, आत्मविश्वास तथा हास्य और कविता के माध्यम से भावों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।



वाद-विवाद प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं में 9 ‘अ’ की सानवी शर्मा ने प्रथम, 9 ‘स’ के अंशुमन गुलेरिया ने द्वितीय तथा आर्शभ सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।







वहीं कक्षा 10वीं में 10 ‘ब’ की आयशा नंदा ने प्रथम तथा पावनी भटनागर ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में आकर्ष शर्मा एवं अंकिता शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


कार्यक्रम में मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल एवं उपप्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।



कार्यक्रम की प्रभारी संगीता ठाकुर रहीं, जबकि हिंदी अध्यापक रिंकू शर्मा की गतिविधि के सफल आयोजन में विशेष भूमिका रही।विद्यार्थियों ने अपने सशक्त तर्कों, आत्मविश्वास, हास्यबोध और रचनात्मक प्रस्तुति से दर्शकों को खूब प्रभावित किया।


हास्य कविता वाचन ने कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ साहित्यिक रंग भी भर दिया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने वातावरण को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि हिंदी महज़ एक विषय नहीं, बल्कि विचारों को स्वर, तर्कों को दिशा और भावनाओं को सुंदर अभिव्यक्ति देने वाली सशक्त भाषा है।
हिंदी पखवाड़े की यह गतिविधि विद्यार्थियों के भीतर छिपी वक्तृत्व एवं साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।











