बारीं में 7 गांवों के लिए बनेगी एक बड़ी पेयजल योजना: कैप्टन रणजीत सिंह

टौणी-देवी/हमीरपुर:-  सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने मंगलवार को बमसन क्षेत्र की ग्राम पंचायत बारी और टपरे में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। ‘विधायक घर द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसंवाद में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दे विधायक के समक्ष रखे।

सुजानुपर के विधायक ने ‘विधायक घर द्वार’ कार्यक्रम के दौरान सुनीं जनसमस्याएं

 

कैप्टन रणजीत सिंह ने लोगों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर काम किया जाएगा।

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से टौणी देवी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती करवाने के लिए विधायक का धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिलने से टौणी देवी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। अब उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों में जाने की जरुरत नहीं पड़ रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि विधायक द्वारा गांवों में पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद करना एक सकारात्मक पहल है। इससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे विधायक के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का समाधान भी तेजी से करवाया जा रहा है।

कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि विधायक घर द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधि के बीच दूरी को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। टौणी देवी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि बारीं और इसके आसपास के सात गांवों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए एक बड़ी योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बमसन क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जनता द्वारा रखी गई जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, अधिकारी गण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

 

 

[post-views]