ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है सुख सरकार: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने ग्राम पंचायत नाल्टी के दौड़वीं गांव का दौरा कर स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कई छोटी समस्याओं का मौके पर ही निवारण करवाया गया।

दौड़वीं में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, कई छोटी समस्याओं का मौके पर किया समाधान

ग्रामीणों ने निजी बसों की अव्यवस्थित समय-सारिणी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि हमीरपुर से नलती क्षेत्र तक सामान्यतः 30 से 40 मिनट का सफर निजी बसों की धीमी गति और जगह-जगह अनावश्यक रूप से रुकने के कारण डेढ़ से पौने दो घंटे में पूरा होता है।

 

इससे महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बसों की समय-सारिणी और संचालन व्यवस्था में सुधार की मांग रखी।

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने नालटी सहकारी समिति से संबंधित गंभीर मामला भी डॉ. वर्मा के समक्ष उठाया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घास, दूध एवं अन्य साधनों से अर्जित अपनी खून-पसीने की कमाई समिति में जमा करवाई थी, लेकिन अब जरूरत के समय उन्हें अपना ही पैसा नहीं दिया जा रहा है।

 

समिति द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने से लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता होने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा उनकी जमा धनराशि शीघ्र वापस दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों ने नाल्टी क्षेत्र को कमलाह से जोड़ने के लिए एक संपर्क मार्ग के निर्माण का विषय भी रखा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से न केवल नाल्टी, बल्कि आसपास के अनेक गांवों के लोगों को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने के लिए छोटा और सुविधाजनक रास्ता उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि सभी प्रमुख समस्याओं को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के ध्यान में लाकर इनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मसाण की धार से नीचे स्थित सभी पंचायतों के विकास पर प्रदेश सरकार द्वारा लगातार विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

क्षेत्र की मुख्य सड़कों को चौड़ा एवं पक्का करवाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि नाल्टी स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी, ताकि आसपास की लगभग दस पंचायतों के लोगों को चौबीस घंटे आपातकालीन एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

 

उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बीपीएल परिवारों के चयन के लिए सर्वेक्षण 20 सितंबर तक चल रहा है। यदि कोई पात्र व्यक्ति अथवा विशेष आवश्यकता वाला बच्चा सर्वेक्षण में शामिल होने से वंचित रह गया है तो उसके परिवार को आवश्यक दस्तावेज तत्काल संबंधित पंचायत में जमा करवाने चाहिए।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

 

इस अवसर पर कैप्टन बलदेव शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, गिरधारी लाल शर्मा, अमरचंद, रूपलाल, बीडीसी सदस्य त्रिभुवन शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

[post-views]