



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने उच्च शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित टियर वाइज इंटरनल रैंकिंग ऑफ गवर्नमेंट कॉलेजेज ऑफ हिमाचल प्रदेश (Academic Session 2025-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टियर-1 श्रेणी में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश के 142 राजकीय महाविद्यालयों ने इस रैंकिंग प्रक्रिया में भाग लिया, जिसमें एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने 1100 में से 1034.5 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

हमीरपुर कॉलेज ने रचा इतिहास, टियर-1 रैंकिंग में अव्वल और लाइब्रेरी ग्रेडिंग में लेवल-IV में प्रथम स्थान



इसके साथ ही महाविद्यालय के पुस्तकालय ने भी गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए उच्च शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित सरकारी डिग्री कॉलेजों/संस्कृत कॉलेजों की लाइब्रेरी ग्रेडिंग (Academic Session 2025-26) में कुल पाँच स्तरों में से लेवल-IV (द्वितीय उच्चतम स्तर) में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।






पुस्तकालय को संसाधनों की उपलब्धता एवं अकादमिक समृद्धि, डिजिटल एकीकरण एवं संचालन दक्षता, उपयोगकर्ता संतुष्टि एवं समावेशिता तथा उत्कृष्ट आधारभूत संरचना के रखरखाव के लिए सराहा गया है।



महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी के कार्यकाल में अकादमिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विकास, विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्रशासनिक सुधारों की दिशा में किए गए प्रयासों ने इन उपलब्धियों की मजबूत नींव तैयार की।





वर्तमान प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।


उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार, डिजिटल सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
महाविद्यालय परिवार ने पूर्व प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी एवं वर्तमान प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
यह उपलब्धि एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की शैक्षणिक उत्कृष्टता, बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।





