झनियारी में सड़क हादसा, 23 वर्षीय युवक की मौत

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   हमीरपुर सदर थाना क्षेत्र के झनियारी में हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सासन निवासी विक्की के रूप में हुई है।

 

बताया जा रहा है कि विक्की बाइक से झनियारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में उसकी बाइक टिपर की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना के बाद घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

विक्की झनियारी में अपने बड़े भाई के साथ मोबाइल की दुकान चलाता था। उसके पिता दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने हादसे के बाद टिपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

[post-views]