



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राजकीय उच्च विद्यालय बोहणी में 24 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।


जिसमें न्यू गुरूकुल पब्लिक स्कूल, गोपालनगर के बच्चों ने कबड्डी और खो-खो में भाग लिया। जिनमें कबड्डी प्रतियोगिता में आयुष ठाकुर, भूपेश कुमार, वंश राणा और सिद्धान्त ने वहां उपस्थित अन्य टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करके जीत हासिल की और खंड हमीरपुर से जिला विजेता रहे।



इन छात्रों में वंश राणा, भूपेश कुमार और सिद्धान्त कुमार का चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ। इन तीनों का 22 अक्तूबर 2026 से राजकीय उच्च विद्यालय मुंडखर में कैम्प लगेगा।






इसके उपरान्त 26 अक्तूबर 2026 से 28 अक्तूबर 2026 तक राजकीय उच्च विद्यालय राजगढ़ (सिरमौर) में राजस्तरीय प्रतियोगिताओं में अपना प्रदर्शन दिखाएगें। इसके साथ ही यश कुमार ने खो-खो टीम में खंड स्तरीय जिला विजेता में पहले स्थान का खिताब अपने नाम किया।


छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रधानाचार्य रविन्द्र पुरी, उपप्रधानाचार्य सुरेन्द्र ठाकुर, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों तथा उनके प्रशिक्षको का स्कूल पहुंचने पर हार्दिक स्वागत किया और उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।




प्रधानाचार्य ने कहा कि इन छात्रों की सफलता उनकी निरन्तर मेहनत, लगन, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। विद्यालय प्रबन्धन ने खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







