



सुजानपुर/हमीरपुर:- सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के ठप्प होने और सड़कों की खस्ता हालत के खिलाफ आज टौणीदेवी में बमसन भाजपा मंडल ने जोरदार जनाक्रोश धरना-प्रदर्शन किया। धरने में पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।


धरने के बाद तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। इस अवसर वरिष्ठ भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना साधते हुए कहा कि सवा महीने पहले उटपुर में आईटीआई भवन के निर्माण को लेकर विरोध जताया था। आज तक वहां सिर्फ पिल्लर खड़े हैं, ठेकेदार पेमेंट न होने से सामान लेकर भाग गया।




टौणीदेवी से सुजानपुर तक सारी सड़कें टूट कर खड्डों में बदल गई हैं। एचआरटीसी बसें बंद हैं और जल शक्ति विभाग का रेस्ट हाउस, टाउन हॉल, पीएचसी का काम सब बंद पड़ा है। स्थानीय विधायक मौन हैं और सरकार सोई हुई है।






उन्होंने कहा यह सरकार गूंगी-बहरी और निकम्मी है। महिलाओं, कर्मचारियों, किसानों, नौजवानों से किए सारे वादे धराशायी हो गए हैं तथा झूठी गारंटियों वाली सरकार साबित हुई है।


उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक महीने में सड़कों की हालत नहीं सुधरी और बंद पड़े काम शुरू नहीं हुए, तो भाजपा सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन करेगी।




इस मौके पर मंडल अध्यक्ष प्रो. विक्रम राणा, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल काकू, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान सहित जिला व मंडलों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता तथा लोग मौजूद रहे।







