



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- ग्राम पंचायत पांडवीं के मैड में मैड युवा मंडल द्वारा आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। टूर्नामेंट में आठ टीमों ने भाग लिया।

पांडवीं के मैड में कबड्डी टूर्नामेंट संपन्न, शीतला ए टीम बनी विजेता




फाइनल मुकाबले में शीतला ए टीम ने मैड-11 को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ₹7,000 और उपविजेता टीम को ₹5,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।







खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि खेल में हर खिलाड़ी का जीतना संभव नहीं होता, लेकिन अनुशासन, नियमों और खेल भावना के साथ अपना शत-प्रतिशत देना सबसे जरूरी है।



उन्होंने कहा कि खेल आज मनोरंजन के साथ करियर का भी माध्यम हैं। खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में भी अवसर मिलते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा निखारने, खेलों में आगे बढ़ने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।





डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है।


उन्होंने बताया कि ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए क्रमशः ₹5 करोड़, ₹3 करोड़ और ₹2 करोड़ की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं के लिए भी नकद पुरस्कार का प्रावधान है।
उन्होंने विजेता शीतला ए टीम, उपविजेता मैड-11 और टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही सफल आयोजन के लिए मैड युवा मंडल की सराहना की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपप्रधान कैप्टन रंजीत सिंह, पूर्व प्रधान सुनील कुमार, अजय ठाकुर वीरेंद्र कुमार युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुराग ,अक्षय कुमार व युवाकार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





