चकमोह में ट्रस्ट द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब, शीघ्र समाधान की मांग

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  ग्राम पंचायत चकमोह में बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के लंबे समय से खराब होने का मामला सामने आया है।

 

इन लाइटों को ठीक करवाने के लिए ग्राम पंचायत चकमोह की ओर से कई बार मंदिर अधिकारी को लिखित रूप में अवगत करवाया गया है, ताकि ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

 

इसी विषय को लेकर ग्राम पंचायत चकमोह के प्रधान सोम दत्त तथा बीडीसी सदस्य चकमोह प्रेम सिंह ने मंदिर अधिकारी से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

 

बैठक में बताया गया कि ट्रस्ट की ओर से विद्युत विभाग के संबंधित जेई से भी बार-बार संपर्क कर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने का आग्रह किया गया है, लेकिन अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।

बताया गया कि पहले विद्युत विभाग की ओर से सप्ताह में एक-दो दिन विभागीय कर्मचारी इन स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए उपलब्ध करवाए जाते थे, लेकिन काफी समय से यह व्यवस्था भी सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। इसका कारण क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी पंचायत को नहीं मिल पाई है।

प्रधान सोम दत्त ने कहा कि बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट अपनी ओर से स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध करवाने अथवा संबंधित बिल का भुगतान करने के लिए तैयार है, इसके बावजूद यदि तकनीकी कार्य विभागीय स्तर पर होना है तो उसका समाधान संबंधित विभाग को करना चाहिए।

प्रधान सोम दत्त ने विद्युत विभाग के अधिकारी संजीव कौशल जी से भी मुलाकात कर इस समस्या को उठाया और खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करवाने का आग्रह किया। पंचायत की ओर से संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।

ग्राम पंचायत चकमोह ने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस विषय को आपसी समन्वय से शीघ्र हल किया जाए, ताकि गांव के रास्तों एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था बहाल हो सके और ग्रामीणों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

[post-views]