



नादौन/हमीरपुर:- महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत गठित खंड स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक सोमवार को यहां एसडीएम निशांत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय नादौन के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही इन सभी योजनाओं की समीक्षा की गई।

इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के लाभार्थियों को भी दी लगभग 23.15 लाख की राशि



इस अवसर पर एसडीएम ने बताया कि नादौन खंड में 290 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से छह माह से छह वर्ष तक के 4483 बच्चों तथा 929 गर्भवती व धात्री महिलाओं को पूरक पोषाहार दिया जा रहा है।






खंड स्तरीय समिति की बैठक में एसडीएम निशांत शर्मा ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा


बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उन्हें अपनी सुरक्षा के बारे में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरुक एवं सशक्त किया जा रहा है।




बेटी है अनमोल योजना के प्रथम घटक के अंतर्गत 93 बेटियों के नाम 19.44 लाख रुपये की राशि की एफडीआर बनाई गई है। इसी योजना के द्वितीय घटक के अंतर्गत 640 बेटियों को 9.88 लाख रुपये स्कॉलरशिप प्रदान की गई है।


मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत इस वर्ष 35 बच्चों को 18.96 लाख रुपये की राशि दी गई है। पांच बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु 1,73,530 रुपये, 2 बच्चों को वोकेशनल कोर्स हेतु 1,12,516 रुपये, एक बच्चे को गृह निर्माण हेतु एक लाख रुपये की किस्त तथा एक बच्चे को कोचिंग के लिए 12,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
एसडीएम ने बताया कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष में निराश्रित महिलाओं के 262 बच्चों को 18.40 लाख रुपये तथा 18-27 वर्ष के 28 युवाओं को 4.75 लाख रुपये दिए गए। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की 31 पात्र लड़कियों के विवाह पर 15.81 लाख रुपये और मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 100 लड़कियों के विवाह पर 31 लाख रुपये की राशि दी गई।
एसडीएम ने सभी अधिकारियों को इन का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें।
बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं खंड स्तरीय समिति के सचिव संजय गर्ग ने सभी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष शम्मी सोनी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।





