



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- सर्वजनकल्याण सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने हमीरपुर विधानसभा के गांव रोपा की होनहार बेटी शालिनी ठाकुर को उनके घर जाकर विशेष रूप से सम्मानित किया।

शालिनी ठाकुर ने पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (PTU), कपूरथला में एम.फार्म (फार्माकोलॉजी) की परीक्षा में पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान (First Position) हासिल कर गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) प्राप्त किया है।



इस अवसर पर सर्वजनकल्याण सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने शालिनी ठाकुर और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि शालिनी ने न केवल अपने माता-पिता और गांव रोपा का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।






उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना शालिनी की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।



नवीन शर्मा ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनका यह प्रदर्शन समाज की अन्य बालिकाओं के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है। सर्वजनकल्याण सभा हमेशा ऐसी होनहार प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए तत्पर रहती है।





शालिनी ठाकुर और उनके परिजनों ने इस सम्मान के लिए सर्वजनकल्याण सभा और नवीन शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान अश्वनी ठाकुर गांव के गणमान्य व्यक्ति और सभा के सदस्य भी उपस्थित रहे।







