डी.ए.वी. में अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, आलमपुर, जिला काँगड़ा में 13 अक्तूबर को कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

 

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षाओं के आधार पर तीन स्तरों में विभाजित किया गया था।

 

 

प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे। कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने “डिजिटल युग में पढ़ने की शक्ति”, कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने “जल बचाओ, जीवन बचाओ” तथा कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: विद्यार्थियों के लिए वरदान या चुनौती” विषय पर अपने विचार प्रभावशाली, स्पष्ट एवं तार्किक ढंग से प्रस्तुत किए।

 

प्रतियोगिता के परिणामों में कक्षा छठी के स्तर पर अग्रिया सूद ने प्रथम तथा ध्रुवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा सातवीं के स्तर पर अंशिका ने प्रथम तथा अस्मिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

 

वहीं, कक्षा आठवीं के स्तर पर शगुन ने प्रथम तथा आराध्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन, प्रभावशाली संवाद-कौशल तथा मंच पर अपने विचारों को निर्भीकता से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाषण प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी सोच को सही दिशा देने, विचारों को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने और अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखने का अवसर प्रदान करती हैं।

 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक दृष्टिकोण और बेहतर संचार-कौशल का भी विकास करती हैं।

[post-views]