नादौन के बॉयज और गर्ल्स स्कूल का मर्जर रद्द, दोनों सह-शिक्षा के रूप में चलेंगे

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल सरकार ने अहम फैसला लेते हुए नादौन शहर के दो सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का विलय रद्द कर दिया है, लेकिन दोनों स्कूल सह-शिक्षा के रूप में संचालित होंगे। स्कूलों के नाम में आंशिक बदलाव किया गया है। पुराना बॉयज स्कूल सीबीएसई होगा, जबकि गर्ल्स स्कूल में एचपी बोर्ड की पढ़ाई होगी।

पुराना बॉयज स्कूल सीबीएसई व गर्ल्स स्कूल में एचपी बोर्ड की पढ़ाई होगी

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई। पूर्व में पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गवर्नमेंट (बॉयज) सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नादौन और पीएम श्री उत्कर्ष गवर्नमेंट (गर्ल्स) सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नादौन को एक ही सह-शिक्षा स्कूल के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया था। नई अधिसूचना के अनुसार, अब दोनों विद्यालय स्वतंत्र रूप से सह-शिक्षा स्कूलों के रूप में कार्य करेंगे। इसके तहत दोनों स्कूलों के नाम और बोर्ड संबद्धता भी निर्धारित की गई है।

पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नादौन लीड स्कूल होगा। यह विद्यालय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध रहेगा।

पीएम श्री उत्कर्ष गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नादौन हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) से संबद्ध रहेगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी विलय संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए दोनों विद्यालयों को अलग-अलग संचालित करने का निर्णय लिया गया है। पूर्व में लिए गए निर्णय में स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की मांग पर संशोधन हुआ है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, जिला परिषद सदस्य रविंद्र गद्दी, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी सोनी, पूर्व निदेशक मोती जोशी, कांग्रेस प्रवक्ता रमणीक परमार, नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रीना कुमारी, संतोष संधू, कमल कम्मी, डिंपल कटोच, मोंटी संधू, राजिंदर बबलू इत्यादि ने सरकार के फैसले का स्वागत और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी का धन्यवाद किया है।

[post-views]