



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- बुमाणा गाँव में वर्षों से मनाए जा रहे दशहरा उत्सव को इस बार पहली बार चार दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उत्सव के शुभारंभ पर बीती रात्रि वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। चार दिनों तक रामलीला का मंचन होगा और दशहरा के दिन रावण दहन किया जाएगा।

120 फुट ऊँचे रावण के पुतले के दहन की तैयारी, चारों दिन रामलीला और भंडारे का आयोजन




इस अवसर पर दशहरा कमेटी की ओर से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को टोपी, मफलर, स्मृति चिन्ह और गुरज भेंट कर सम्मानित किया गया।







दशहरा कमेटी के सदस्यों विजय कुमार, गोगी, विक्रांत ठाकुर, अजय कुमार, मुख्तियार सिंह और पवन डोगरा ने बताया कि इस बार 120 फुट ऊँचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। कमेटी के अनुसार, हमीरपुर में सबसे ऊँचे रावण के पुतले के दहन की परंपरा को इस वर्ष भी आगे बढ़ाने की तैयारी है। श्रद्धालुओं के लिए चारों दिन भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।




डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय रामलीला और धार्मिक उत्सव सनातन संस्कृति, परंपराओं तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे आयोजनों से जोड़ने का आह्वान किया।





धार्मिक पात्रों को एनिमेशन और कार्टून के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर आपत्ति जताते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि देवी-देवताओं के चित्रण में धार्मिक आस्था और मर्यादा का सम्मान होना चाहिए।


डॉ. वर्मा ने दशहरा कमेटी को 15 हजार रुपये का आर्थिक योगदान भी दिया। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-बड़े सभी योगदान ऐसे आयोजनों को व्यापक स्वरूप देने और सांस्कृतिक विरासत को संजोने में सहायक होते हैं।
इस मौके पर मास्टर सतपाल, पूर्व प्रधान उत्तम चौधरी, विक्रम ठाकुर, चुनीलाल राणा, ब्लॉक इंटक अध्यक्ष सुनील कुमार, युवा कांग्रेस महासचिव रोहित, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र पटियाल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुराग चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





