



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक (एनएससीबीएम) राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर की एनएसएस इकाई द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ (100 वीक्स नशा मुक्त युवा अभियान) के अंतर्गत एक दिवसीय सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

‘फिट यूथ, एडिक्शन-फ्री यूथ (शक्ति एवं सेवा)’ थीम पर आधारित यह कार्यक्रम ‘योग एवं आत्म-सुरक्षा दिवस’ के रूप में मनाया गया।



सत्र में योग प्रशिक्षण के लिए आयुर्वेदिक सेंटर, टौणी देवी से श्रीमती मोनिका रानी ने बतौर रिसोर्स पर्सन शिरकत की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को योग के महत्व की जानकारी दी और विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाया। इसके उपरांत महाविद्यालय और साई (SAI) के छात्रों द्वारा सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) का प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के गुर सिखाए गए।






कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने आमंत्रित अतिथियों को सम्मानित किया। इस आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और इसके सफल संचालन का दायित्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सहायक आचार्य विनोद चंद और सहायक आचार्य हर्षा के दिशा-निर्देशन में निभाया गया।



आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट व सशक्त बनाना था, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ भी ली।












