



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरे का पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया।



कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कविता-पाठ, नृत्य, भजन-गायन और पोस्टर निर्माण जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।






भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों ने सभी को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण सहित रामायण के प्रमुख पात्रों की वेशभूषा धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।



लघु-नाटिकाओं के माध्यम से उन्होंने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत करते हुए सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।





इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।


विद्यालय परिसर में उत्सव का वातावरण रहा और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि दशहरे का पर्व हमें सिखाता है कि अंततः सत्य और अच्छाई की ही विजय होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, अनुशासन, सदाचार और मर्यादा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें संस्कारवान, जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन-दृष्टि को प्रोत्साहित किया।





